अमेठी पुलिस के “ऑपरेशन मुस्कान” की बड़ी सफलता, 4 घंटे में दो बहनों को खोज परिजनों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

राजीव ओझा

अमेठी: पुलिस अधीक्षक अमेठी टी. सरवणन के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत थाना बाजार शुकुल पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए घर से लापता दो नाबालिग सगी बहनों को महज 4 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।थानाध्यक्ष बाजार शुकुल गजेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार दिनांक 15.09.2026 को शाम लगभग 6 बजे हरिभान पुत्र तालिकराम निवासी ग्राम पूरे लदई तिवारी ने थाने पर सूचना दी कि उनके बड़े भाई जयसिंह की दो पुत्रियां, उम्र लगभग 17 वर्ष और 15 वर्ष, सुबह विद्यालय जाने के लिए निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं आईं। परिजनों द्वारा विद्यालय में संपर्क करने पर पता चला कि दोनों बालिकाएं उस दिन विद्यालय पहुंची ही नहीं थीं।सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए।

50 किमी दूर प्रयागराज में मिलीं बच्चियां

थाना बाजार शुकुल पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से तत्परता दिखाते हुए तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बालिकाओं को जनपद प्रयागराज से लगभग 50 किलोमीटर आगे से बरामद किया गया।पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि उनके पिता गोरखपुर में काम करते हैं, इसलिए वे अपने दादा-दादी के साथ रहती हैं। उनकी माता महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के सौंदड़ में रहती हैं, जिनसे मिलने के लिए वे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं।

एसपी ने दिया 15 हजार का इनाम

पुलिस ने दोनों बालिकाओं को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटियों को सही सलामत पाकर परिजनों ने थाना बाजार शुकुल पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक अमेठी टी. सरवणन ने थाना बाजार शुकुल पुलिस टीम को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।