पुलिस मुख्यालय पर एसपी ने शस्त्र फैक्ट्री का किया खुलासा थाना शुकुल बाजार पुलिस की बड़ी सफलता पर 25000 नगद पुरस्कार देने की किया घोषणा 
राजीव ओझा
अमेठी। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच बाजार शुक्ल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए मौके से भारी मात्रा में बने-अधबने असलहे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। एसपी अमेठी सरवणन टी ने पुलिस मुख्यालय पर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बाजार शुक्ल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से असलहों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। मौके से कुल 16 अवैध असलहे बरामद हुए हैं, जिसमें 11 निर्मित और 5 अर्द्धनिर्मित असलहे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और भारी मात्रा में अवैध हथियार बनाने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।एक साथ इतनी बड़ी संख्या में असलहों की बरामदगी के बाद पुलिस इस रैकेट को गंभीरता से ले रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो अमेठी समेत आसपास के जिलों में अपराधियों को हथियार सप्लाई करता था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहनीय कार्य पर थाना बाजार शुकुल पुलिस को 25000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई।। 






