राजीव ओझा
अमेठी: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को अमेठी दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने दिवंगत भूतपूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर की। राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद वह गौरीगंज पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। राहुल गांधी के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, मीडिया की भूमिका और नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता आज जिन वास्तविक समस्याओं से जूझ रही है, उन पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।राहुल गांधी ने मीडिया की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीडिया को सरकार से बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए परेशान है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है और आम आदमी महंगाई से टूट चुका है। इसके बावजूद इन विषयों पर उतनी चर्चा नहीं होती जितनी होनी चाहिए।उन्होंने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगे ईंधन का सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ देश की जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशी देशों को पेट्रोल-डीजल बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले अपने देश की जनता की परेशानियों को समझना चाहिए।राहुल गांधी ने युवाओं और छात्रों का मुद्दा उठाते हुए नीट परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लाखों बच्चे दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली पर लगातार उठ रहे सवाल युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और सरकार को पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।सभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 25 लाख रुपये की लागत वाली कैंसर जांच एवं उपचार से जुड़ी मशीन अस्पताल को सौंप दी। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं और अमेठी में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।राहुल गांधी के पूरे दौरे के दौरान जिले में राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यक्रम को संगठन के लिए ऊर्जा बढ़ाने वाला बताया, जबकि विरोधी दलों ने उनके बयानों को राजनीतिक हमला करार दिया।।









